KANPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के कानपुर में बारिश और जलभराव के बीच विरोध प्रदर्शन की एक तस्वीर चर्चा में है। बाबूपुरवा के भीकम सिंह पार्क की बदहाल व्यवस्था से नाराज वार्ड-105 के पार्षद मेराज खुद गंदे पानी में लेट गए। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ मौके पर ही विरोध जताते हुए कहा कि जब तक समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई नहीं होती, वह पीछे नहीं हटेंगे।
पार्षद के मुताबिक, पार्क लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहा है और बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। उनका आरोप है कि शिकायतों और पत्र देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

पानी में लेटकर जताया विरोध
पार्षद मेराज का कहना है कि पार्क की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। उनका दावा है कि पार्क के झूले करीब एक साल से टूटे पड़े हैं और स्ट्रीट लाइट भी खराब हैं।

उनके मुताबिक, बार-बार शिकायत के बावजूद जब कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने गंदे पानी में लेटकर विरोध करने का फैसला किया। उन्होंने साफ कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
प्रदर्शन देखने जुटी लोगों की भीड़
पार्षद को गंदे पानी में लेटा देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पार्षद ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्तिगत मुद्दे के लिए नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की परेशानी को लेकर है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द जलभराव, गंदगी, टूटे झूलों और खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




































