KHAIRAGARH NEWS. सरकारी विभागों पर करोड़ों रुपये के बिजली बिल बकाये के बीच खैरागढ़ में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। कनेक्शन कटते ही पूरे कार्यालय में अंधेरा छा गया और कर्मचारियों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जरूरी काम निपटाना पड़ा। कार्यालय में अपने काम से पहुंचे लोगों को भी बिजली बंद होने से परेशानी का सामना करना पड़ा।

नगर पालिका कार्यालय पर 8.25 लाख का बकाया
जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का करीब 8 लाख 25 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया है। वहीं नगर पालिका से जुड़े सभी विद्युत कनेक्शनों को मिलाकर बकाया राशि 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसमें स्ट्रीट लाइट, नगर पालिका भवन और अन्य कनेक्शन शामिल हैं।
ऐसे में कार्यालय का कनेक्शन जिस बकाये के चलते काटा गया है, वह नगर पालिका से जुड़े कुल बिजली बकाये का एक हिस्सा ही है।

प्रीपेड व्यवस्था लागू होने के बाद बढ़ी कार्रवाई
प्रदेश में 1 अगस्त से ब्लॉक स्तर और उससे ऊपर के सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू की गई है। इसके बाद सरकारी कार्यालयों और विभागों के पुराने बिजली बिलों की वसूली को लेकर बिजली कंपनी ने कार्रवाई तेज कर दी है।
विद्युत विभाग के अनुसार कनेक्शन काटने की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑटोमेटिक सिस्टम के माध्यम से की जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का कनेक्शन काटा गया।

स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन को फिलहाल राहत
नगर पालिका के अंतर्गत आने वाली स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन को फिलहाल कार्रवाई से राहत दी गई है। इन सेवाओं का सीधा संबंध आम लोगों से होने के कारण जरूरी सुविधाओं को प्रभावित होने से बचाया गया है।
वहीं विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे ने कहा है कि नगर पालिका कार्यालय का बकाया बिजली बिल जमा होने के बाद ही कनेक्शन दोबारा बहाल किया जाएगा।

अन्य सरकारी विभागों पर भी हो सकती है कार्रवाई
खैरागढ़ जिले में सरकारी विभागों और नगरीय निकायों के बिजली बिल के बड़े बकाये का मुद्दा लंबे समय से सामने आता रहा है। अब नगर पालिका कार्यालय का कनेक्शन काटे जाने के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य बड़े बकायादार सरकारी विभागों पर भी बिजली विभाग कार्रवाई कर सकता है।
फिलहाल बिजली कनेक्शन कटने के कारण नगर पालिका कार्यालय का कामकाज प्रभावित है और कर्मचारियों को टॉर्च की रोशनी में काम करना पड़ रहा है। अब नजर इस बात पर है कि नगर पालिका बकाया राशि कब जमा करती है और कार्यालय की बिजली आपूर्ति कब बहाल होती है।





































