RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुल-पुलियों को अब प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां सड़क या पुल की मरम्मत संभव है, वहां बिना देरी काम शुरू कराया जाए और किसी भी मार्ग पर लंबे समय तक आवाजाही बाधित न हो। विभाग ने ज्यादा क्षति वाले हिस्सों के पुनर्निर्माण और विशेष मरम्मत की प्रक्रिया भी तेज करने को कहा है। प्रदेश में 24 से 26 सितंबर तक लगातार बारिश के कारण कई नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति बनी। कई जगह पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहा। पानी उतरने के बाद सड़कों और पुलों पर सामने आ रही क्षति का आकलन शुरू किया गया है।

इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता स्तर तक के मैदानी अमले को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने को कहा है। इसके आधार पर नुकसान और संभावित मरम्मत लागत का आकलन किया जाएगा। जहां मौजूदा अनुबंध के तहत संबंधित ठेकेदार या एजेंसी से काम कराया जा सकता है, वहां उसे तत्काल काम पर लगाने के निर्देश हैं।

दरअसल, जिन सड़कों और पुल-पुलियों को ज्यादा नुकसान हुआ है और जहां केवल सामान्य मरम्मत से काम नहीं चलेगा, वहां पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत के प्राक्कलन 10 दिनों के भीतर सक्षम अधिकारी के सामने पेश करने को कहा गया है। विभाग के अनुसार विशेष मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सड़क और पुलों के सुधार के लिए सक्षम अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर एस/आर (एफडीआर) की स्वीकृति प्राथमिकता से जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

राशि की जरूरत और उपलब्धता की जानकारी परिक्षेत्रवार प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजने को भी कहा गया है। पीडब्ल्यूडी ने एफडीआर से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत को केवल अस्थायी तौर पर करने के बजाय स्थायी समाधान पर जोर दिया है। जरूरत के मुताबिक टो-वॉल और कांक्रीट रोड के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। पुलों में क्षतिग्रस्त वियरिंग कांक्रीट, रेलिंग और अन्य हिस्सों की भी जल्द मरम्मत कराने के निर्देश हैं।



































