BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं और पुलिस के मुताबिक राम सिंह गुट से जुड़े हैं।

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सन्नी ध्रुव, दुर्गेश पुरी गोस्वामी उर्फ गोगा, अभिजीत नेताम उर्फ निखिल, करण कश्यप उर्फ बड्डू और कन्हैया मरावी उर्फ मोटू शामिल हैं।

अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार
इन पांच गिरफ्तारियों के बाद मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य आरोपी राम सिंह अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बिलासपुर SSP रजनेश सिंह ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

50 से ज्यादा लोगों पर FIR
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।






































