BILASPUR NEWS. खेतों में घुस रहे आवारा मवेशियों को भगाना चार ग्रामीणों को भारी पड़ गया। फसल बचाने के लिए मवेशियों को ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क किनारे छोड़कर लौट रहे ग्रामीणों को रास्ते में रोक लिया गया। मवेशियों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और ग्रामीणों पर लाठी-डंडों व मुक्कों से हमला कर दिया गया। इस हमले में चार लोग घायल हुए, जिनमें गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर की सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना 20 अगस्त की रात की बताई जा रही है। ग्राम लिमतरा के कुछ ग्रामीण धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेतों में घुसकर फसल खराब कर रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीणों ने भगाया और रलिया गांव के आगे भारतमाला रोड के पास छोड़कर वापस लौटने लगे।
इसी दौरान रलिया के भारतमाला रोड पुल के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि मवेशियों को अपनी ओर लाने की बात कहते हुए उनके साथ गाली-गलौज की गई और विवाद के बाद अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।

चीख-पुकार के बीच मची अफरा-तफरी
हमले में उमेश बरगाह सहित अन्य ग्रामीण घायल हुए। मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया। इलाज के दौरान जीवन मेहर की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। एक मामूली विवाद के खूनी संघर्ष में बदलने से गांव में भी तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने रातोंरात शुरू की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गजानंद पटेल, अजय चंद्राकर, अश्विनी पटेल, आलोक सिदार, कोमल चंद्राकर, लोमस चंद्राकर और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे और अन्य सामान भी जब्त किया है।

एक आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
फसल बचाने के लिए शुरू हुआ मवेशियों को भगाने का सिलसिला आखिर एक ग्रामीण की जान जाने पर खत्म हुआ। अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ पूरे विवाद की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।






































