MUNGELI NEWS. अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल में करील-पुटू (मशरूम) बीनने गए 25 वर्षीय युवक पर बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। बाघिन ने युवक की गर्दन अपने जबड़ों में दबोच ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान ग्राम बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार धर्मजीत अपने साथियों भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ धृतलहरे और रामफल धृतलहरे के साथ जंगल के अंदरूनी हिस्से में करील-पुटू बीनने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठी बाघिन ने अचानक धर्मजीत पर हमला कर दिया।
बाघिन के आक्रामक तेवर को देखकर उसके साथी भी युवक को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। हमले में गर्दन पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण धर्मजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

शावकों के चलते आक्रामक थी बाघिन
घटना की पुष्टि करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के एसडीओ समीर जोनाथन ने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल दो से तीन बाघ सक्रिय हैं। इनमें एक बाघिन ने हाल ही में शावकों को जन्म दिया है। शावकों की मौजूदगी के कारण बाघिन बेहद आक्रामक है। इसी दौरान युवक प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में पहुंच गए और बाघिन ने उन पर हमला कर दिया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
हमले के बाद साथियों ने तत्काल वन विभाग और परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, ग्रामीणों को चेतावनी
घटना के बाद वन विभाग ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित और अंदरूनी क्षेत्रों में प्रवेश न करें। वन विभाग ने खास तौर पर उन इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है, जहां बाघ और अन्य वन्यजीवों की सक्रियता अधिक है।





































