RAIPUR NEWS. भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की नई टीम को लेकर निशाना साधते हुए वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा और संगठन में गुटबाजी का आरोप लगाया है।

रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को दी बधाई
दीपक बैज ने महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी और सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा की राष्ट्रीय टीम में जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि भाजपा के मुख्य संगठन में छत्तीसगढ़ के किसी वरिष्ठ नेता को बड़ी और प्रमुख जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

बृजमोहन, चंद्राकर समेत दिग्गजों की उपेक्षा का आरोप
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक और राजेश मूणत लगातार उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को मंत्री पद से भी दूर रखा गया और अब राष्ट्रीय संगठन में भी कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिली है।
बैज के मुताबिक, इससे साफ है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में भी गुटबाजी का असर दिखाई दे रहा है।

नितिन नवीन की नई टीम में कई नए चेहरे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत कुल 13 नेताओं को शामिल किया गया है।

वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है। बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है।
इसके अलावा अलग-अलग राज्यों से 16 राष्ट्रीय मंत्रियों को भी टीम में शामिल किया गया है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज टिग्गा समेत कई नए चेहरे शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ को भी मिला प्रतिनिधित्व
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को भी प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
भाजपा की नई टीम को लेकर कांग्रेस के हमले के बाद प्रदेश की राजनीति में आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।





































