SUKMA NEWS. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे के पैकेटों को नमक की बोरियों के नीचे छिपा रखा था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने राजस्थान निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक RJ-27-GE-6757 में ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से गांजे की बड़ी खेप भरकर कोंटा के रास्ते राजस्थान ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही कोंटा थाना पुलिस ने कोंटा-मोटू मुख्य मार्ग स्थित कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड क्रमांक 5 डोंडरा के पास नाकाबंदी कर दी।

सुबह करीब 6:10 बजे संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। पहली नजर में वाहन में नमक की बोरियां दिखाई दीं, लेकिन पुलिस ने जब बोरियों को हटाकर जांच की तो उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपे मिले। इसके बाद पूरे वाहन की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गांजे के साथ वाहन समेत 1.64 करोड़ की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार प्रजापति (24) और उदय राम बलई (24), दोनों निवासी गाडरमाल, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है।

ओडिशा से राजस्थान तक फैले नेटवर्क की तलाश
मामले में कोंटा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप ओडिशा में किससे खरीदी गई थी और राजस्थान में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






































