BEMETARA NEWS. छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला में मध्यान्ह भोजन के दौरान संदिग्ध गोली मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन में डामर जैसी गंध आने की शिकायत के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द की बात कही। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां 28 छात्राओं का उपचार जारी है। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।

भोजन में आई डामर जैसी गंध
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। स्कूल के प्रधान पाठक के अनुसार, छात्राओं ने भोजन में डामर जैसी गंध आने की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें भोजन करने से रोक दिया गया।

प्रधान पाठक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार बच्चों को भोजन परोसने से पहले रसोइये द्वारा भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है। घटना वाले दिन भी रसोइये ने भोजन चखकर किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद छात्राओं को भोजन परोसा गया।

गोली चावल में कैसे पहुंची, जांच का विषय
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, एक रसोइये ने बताया कि उसकी नातिन स्कूल की आया के साथ आती है और उसके हाथ में फिनायल जैसी एक छोटी गोली थी। आशंका जताई जा रही है कि वही गोली गलती से चावल में गिर गई हो। हालांकि, रसोइये का कहना है कि उसने भी भोजन खाया था और उसे उसमें कोई गड़बड़ी महसूस नहीं हुई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भोजन में संदिग्ध गोली कैसे पहुंची। मामले में भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री और रसोई व्यवस्था की जांच की जा रही है।

मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में संदिग्ध पदार्थ कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।






































