GARIYABAND NEWS. शराब के नशे और घरेलू विवाद से परेशान होकर पत्नी के मायके चले जाने के बाद एक युवक ने अपने पड़ोसी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने एक अन्य युवक पर भी जानलेवा हमला किया। वारदात के बाद आरोपी खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार पुलिस ने घर की छत से मिर्ची का धुआं छोड़ा, जिसके बाद आरोपी बाहर निकला और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव का है। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने पड़ोसी 38 वर्षीय खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले आरोपी ने 25 वर्षीय नरेंद्र पर भी जानलेवा हमला किया था। नरेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। घायल नरेंद्र का उपचार मैनपुर अस्पताल में चल रहा है।

पत्नी के घर छोड़ने से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी है। कुछ समय तक उसने दवा लेकर शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन मानसिक तनाव के चलते उसने दोबारा शराब का सेवन शुरू कर दिया। इसके बाद वह अक्सर घर में विवाद और मारपीट करने लगा।
बीती रात भी आरोपी का पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह आरोपी के उठने से पहले ही पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। जागने के बाद आरोपी उसे तलाशने लगा। इसी दौरान उसका पड़ोसियों से विवाद हुआ और उसने नरेंद्र पर हमला कर दिया। इसके बाद खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।

घर में छिपे आरोपी को निकालने में छूटे पुलिस के पसीने
घटना की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी अपने घर के अंदर घुसकर खुद को बंद कर चुका था। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने गुलेल से जवानों पर हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
स्थिति को देखते हुए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने छत के ऊपर से मिर्ची का धुआं अंदर छोड़ा। इसके बाद आरोपी बाहर निकला और करीब 200 मीटर तक पुलिस जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा। काफी मशक्कत के बाद जवानों ने उसे काबू में किया और गिरफ्तार कर लिया।

दहशत के चलते स्कूल और आंगनबाड़ी भी बंद
हत्या की घटना और आरोपी के उत्पात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। सुबह से ही गांव में तनाव का माहौल रहा। ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। डर के कारण गांव के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।






































