नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में एक नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। कामिनी की शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को मंथन धीमान से हुई थी। घटना के बाद मायके वालों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

16वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई मौत
पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। कामिनी अपने पति के साथ सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज सोसाइटी के लिली टावर स्थित फ्लैट नंबर 1602 में रहती थी। बताया गया कि वह फ्लैट की 16वीं मंजिल से नीचे गिर गई।घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजन गंभीर हालत में कामिनी को अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शादी को हुआ था सिर्फ एक महीना
कामिनी मूल रूप से एटा की रहने वाली थी। उसकी शादी 11 जुलाई को मंथन धीमान से हुई थी। शादी के बाद दोनों नोएडा के सेक्टर-108 स्थित सोसाइटी में किराये के फ्लैट में रह रहे थे। मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।पुलिस ने घटना के बाद पति से पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार, पति ने बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान थी और उसका इलाज चल रहा था। वह पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी।

मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे। परिजनों ने पति पर दहेज की मांग को लेकर कामिनी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी मौत हुई।पुलिस ने मायके वालों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुसाइड नोट नहीं मिला, CCTV और फॉरेंसिक जांच जारी
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।अधिकारियों का कहना है कि नवविवाहिता की मौत के मामले में मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद और मायके वालों की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोप समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।






































