NEW DELHI NEWS. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अध्यक्ष पद संभालने के करीब सात महीने बाद अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में संगठन के अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने के साथ आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखा गया है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है।

नई टीम में उत्तर प्रदेश को खास तवज्जो मिली है। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश से छह नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके अलावा राजस्थान से तीन, दिल्ली से छह, महाराष्ट्र से चार तथा ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, केरल और बिहार से भी नेताओं को संगठन में जगह दी गई है।

वसुंधरा राजे समेत 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, प्रो. तारिक मंसूर, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

स्मृति ईरानी समेत 8 महासचिव
राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल और संजय भाटिया को शामिल किया गया है। वहीं कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, अनिल एंटनी, डॉ. भोला सिंह समेत 16 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा ने पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया है। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। तरुण चुग को सेंट्रल ऑफिस इंचार्ज और महेंद्र पांडे को सेंट्रल ऑफिस सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर और विष्णु दत्त शर्मा को ऑल सेल्स कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है।

नई टीम में महिला नेतृत्व को भी प्रमुखता दी गई है। कुल 12 महिला नेत्रियों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम को आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन के विस्तार की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।





































