RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव शिकार के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वन्यप्राणी का मांस,p जो प्रथम दृष्टया नीलगाय का बताया जा रहा है, और शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है।

मुखबिर की सूचना पर नीतिकाकलेर में दबिशl
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार से जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने 19 अगस्त 2026 को मौके पर कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

बारिश और मुश्किल हालात में भी गश्त जारी
वन विभाग के मुताबिक, मानसून के दौरान लगातार बारिश, नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और दुर्गम इलाकों में आवागमन की कठिनाइयों के बावजूद वन अमला संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों की सतत निगरानी तथा मजबूत सूचना तंत्र के चलते यह कार्रवाई संभव हुई।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन अपराध और अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही मैदानी अमले को लगातार सक्रिय रखा गया है। विभाग का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

ग्रामीणों से सहयोग की अपील
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अवैध शिकार, वन अपराध या वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी वन विभाग कार्यालय को दें। विभाग के अनुसार वन्यजीव संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और ग्रामीणों की सहभागिता से वन संरक्षण के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस कार्रवाई में अधीक्षक, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के साथ परिक्षेत्र अधिकारी फरसेगढ़/पासेवाड़ा, सेण्ड्रा, कुटरू बफर, कुटरू कोर और मद्देड़ बफर सहित इंद्रावती टाइगर रिजर्व का मैदानी अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा।






































