LALITPUR NEWS. उत्तरप्रदेश के ललितपुर के बानपुर थाना क्षेत्र के खिरिया छतारा गांव निवासी भारती कुशवाहा (21) अपने पति दीपक (22) के साथ बाइक से ललितपुर आ रही थीं। परिजनों के मुताबिक, भारती की तबीयत खराब थी और दोनों इलाज के लिए शहर आ रहे थे। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे कोतवाली सदर क्षेत्र के रामनगर स्थित खिड़खा तिराहे के कट के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

शहर की ओर मुड़ते समय ट्रक ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि दीपक बाइक से शहर की ओर मुड़ने के लिए सड़क पर पहुंचे थे। इसी दौरान सागर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक बाइक से दूसरी ओर जा गिरे और उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं, पीछे बैठी भारती सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पहियों की चपेट में आ गईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
14 महीने पहले हुई थी भारती की शादी
भारती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति दीपक का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, भारती और दीपक की शादी करीब 14 महीने पहले हुई थी।

मृतका के ससुर भगवत ने भी बताया कि भारती की शादी करीब 14 महीने पहले दीपक से हुई थी। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

CCTV फुटेज से ट्रक की तलाश
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी के मुताबिक, सड़क हादसे में एक महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है।फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से ट्रक की पहचान करने में जुटी है। मामले में तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































