BILASPUR NEWS. जिले के सीपत थाना क्षेत्र के देवरी स्थित मुक्तिधाम में 7 अगस्त की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चार युवक हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखकर कथित तांत्रिक क्रिया करते पाए गए। संदिग्ध गतिविधियों को देखकर ग्रामीणों ने मौके को घेर लिया। इस दौरान एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवक की पहचान राजकिशोर नगर निवासी ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि ऋषिकेश का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत याचिका हाई कोर्ट में लंबित है। जमानत कराने की कोशिश में ऋषिकेश सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। इसके बाद तांत्रिक क्रिया के लिए देवरी के मुक्तिधाम को चुना गया।

मरी मछली, नींबू-सिंदूर और नारियल मिला
मौके पर पहुंची सीपत पुलिस को वहां मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल समेत पूजा-पाठ की अन्य सामग्री मिली। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने तस्वीरें सामने रखकर कथित तौर पर तांत्रिक अनुष्ठान शुरू किया था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया।

तीन साथी और कथित तांत्रिक फरार
पुलिस ने पकड़े गए ऋषिकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मौके से फरार हुए उसके तीन साथियों और कथित तांत्रिक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तांत्रिक क्रिया के पीछे वास्तव में क्या उद्देश्य था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।






































