CHHATTISGARH WEATHER UPDATE: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही।

मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। अगले सात दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है।

रायपुर में 47.6 मिमी बारिश
रायपुर में रविवार को सुबह 8:30 बजे तक 26.7 मिमी और शाम 5:30 बजे तक कुल 47.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

माना विमानतल में अधिकतम तापमान 30.4, बिलासपुर में 31.8, जगदलपुर में 24.7 और दुर्ग में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
प्रदेश में रविवार को अंबिकापुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था। वहीं पेंड्रारोड में सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
इन इलाकों में जमकर बरसे बादल
प्रदेश में सबसे ज्यादा 110 मिमी बारिश कोटाडोल में दर्ज की गई। रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 80-80 मिमी बारिश हुई। छुरा और नांगल में 70-70 मिमी, जबकि सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 60-60 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और उत्तर ओडिशा तथा उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल क्षेत्र से गुजरने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।
24 अगस्त को रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 7 दिन बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 24 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



































