RAIPUR NEWS. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी विवेक आचार्य (2006 बैच) को नई जिम्मेदारी सौंपी है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 29 अगस्त 2026 को जारी आदेश के मुताबिक उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, नवा रायपुर अटल नगर में कार्यकारी संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है। आदेश के मुताबिक सामान्य प्रशासन विभाग के 18 अगस्त 2026 के आदेश के बाद विवेक आचार्य की सेवाएं वन विभाग को वापस लौटा दी गई थीं। इससे पहले वे प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल, रायपुर के पद पर कार्यरत थे।

वन विभाग में वापसी के बाद राज्य शासन ने उन्हें प्रतिनियुक्ति पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के कार्यकारी संचालक पद पर पदस्थ किया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन से जारी किया गया है। आदेश पर विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक के हस्ताक्षर हैं।

सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विवेक आचार्य को यह पदस्थापना अस्थायी रूप से और आगामी आदेश तक की गई है। उनकी नई जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम से जुड़ी होगी।

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने 2006 बैच के आईएफएस (IFS) अधिकारी विवेक आचार्य को वन विभाग में वापस बुला लिया है। उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में कार्यकारी संचालक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे संस्कृति विभाग के निदेशक और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक के रूप में सेवाएं दे रहे थे।






































