RAIPUR NEWS. कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने के विवाद ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि केवल एक सब इंजीनियर का निलंबन पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से पूरे प्रदेश में स्थापित अटल प्रतिमाओं की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पत्रकारों से चर्चा के दौरान अजय चंद्राकर ने कहा कि यह मामला केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि कहीं भी अनियमितता हुई है तो उसकी व्यापक जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसी दौरान उन्होंने बस्तर पंडुम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी पलटवार किया। चंद्राकर ने कहा कि किसी भी सरकारी आयोजन में खर्च की ऑडिट प्रक्रिया होती है और यदि कोई सवाल है तो उसकी जांच हो सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बस्तर पंडुम की तुलना कांग्रेस शासन के राजीव मितान क्लब जैसी योजनाओं से नहीं की जा सकती।

स्मार्ट मीटर आंदोलन पर कांग्रेस को घेरा
राज्य में स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए आंदोलन को लेकर भी अजय चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को पहले अपनी ही सरकार से जुड़े फैसलों पर जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस के पुनर्गठन पर भी साधा निशाना
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन को लेकर भी भाजपा विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो प्रभावी मुद्दे बचे हैं और न ही संगठन को मजबूत करने वाले लोग। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इस समय आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है।

कुलगाम आतंकी हमले पर जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या पर अजय चंद्राकर ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना पहलगाम हमले की तरह टारगेट किलिंग है और आतंकियों के खिलाफ पहले की तरह कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की।






































