NIMBAHERA NEWS. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के निम्बाहेड़ा में आयोजित जनसभा में कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान किया है। शाह ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता इस पूरे घटनाक्रम को देख रही है और इसे कभी माफ नहीं करेगी।

अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ का गान चल रहा था, लेकिन इसे बीच में ही रोक दिया गया। उन्होंने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश में ‘वंदे मातरम’ को दोबारा सम्मान दिलाने का प्रयास हो रहा है, तब कांग्रेस को यह भी रास नहीं आ रहा है।

बंकिम बाबू और देश से मांगें माफी
शाह ने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं में जरा भी शर्म बची है तो उन्हें राष्ट्रगीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की आत्मा और देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस का ‘पाप’ बताते हुए कहा कि जनता इसे कभी नहीं भूलेगी।

पीएम मोदी ने दिलाया वंदे मातरम को सम्मान
गृह मंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से इसे वह सम्मान दिलाने का काम किया, जिसका यह हकदार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा हुआ है और इसके सम्मान को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

5659 करोड़ के 944 विकास कार्यों की सौगात
राजस्थान दौरे के दौरान अमित शाह ने प्रदेश को 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाली 944 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। चित्तौड़गढ़ समेत राज्य के 15 जिलों में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
निम्बाहेड़ा में शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को भी रेखांकित किया।






































