NEW DELHI NEWS. संसद के मानसून सत्र के आखिरी दिन से पहले सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध और तीखा हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष को चर्चा की खुली पेशकश करते हुए कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से स्पीकर ओम बिरला को लिखकर चर्चा की मांग रखने को कहा और भरोसा दिया कि वह खुद सदन में जवाब देंगे। इसके तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमित शाह की पेशकश को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष उनके भाषणों में नहीं, बल्कि इस सवाल का जवाब चाहता है कि आंदोलन के दौरान बच्चों पर गोली किसने चलवाई।

अमित शाह ने कहा कि सरकार और एनडीए हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने विपक्ष से कहा कि यदि वह चर्चा चाहता है तो स्पीकर को लिखित में इसकी जानकारी दे। शाह के मुताबिक, विपक्ष आज दोपहर 2 बजे तक पत्र दे देता है तो दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह अगले दिन दोपहर 3 बजे तक चर्चा का जवाब देने के लिए तैयार हैं और खुद सदन में मौजूद रहेंगे। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।

शाह ने यह भी कहा कि चर्चा के दौरान वह इस मुद्दे पर भी बात करेंगे कि विपक्ष ने सदन को चलने क्यों नहीं दिया। अमित शाह ने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही नहीं चलने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब सदन ही नहीं चलने दिया जाएगा तो वहां सवालों के जवाब कैसे दिए जाएंगे। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष की ओर से ‘लापता’, ‘भाग गए’ और ‘भगोड़े’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष से हंगामे के बजाय चर्चा का रास्ता अपनाने को कहा।

राहुल गांधी बोले- ‘अमित शाह के भाषण में इंटरेस्ट नहीं’
अमित शाह के बयान के तुरंत बाद राहुल गांधी ने सरकार पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अमित शाह के भाषण सुनने में रुचि नहीं रखता। राहुल ने कहा कि असली सवाल यह है कि बच्चों पर गोली किसने चलवाई। राहुल गांधी का यह बयान दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर सरकार से जवाब मांगने की विपक्ष की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

विपक्ष ने रखी दो मुद्दों पर चर्चा की मांग
सरकार की ओर से सोमवार को दावा किया गया था कि अमित शाह जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है और लगातार मुद्दा बदल रहा है। इसके जवाब में विपक्ष ने कहा कि वह दिल्ली में लाठीचार्ज और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा चाहता है। विपक्ष ने साफ किया है कि इन दोनों मुद्दों पर वह समझौता करने के लिए तैयार नहीं है। इसी वजह से संसद की कार्यवाही को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध बना हुआ है।





































