JAGDALPUR NEWS. शहर के बोधघाट थाना क्षेत्र स्थित धरमपुरा में विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग में तैनात एक बुजुर्ग सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने गार्ड की कथित तौर पर लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। गंभीर रूप से घायल गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, धरमपुरा निवासी नंद दुलाल डे 1 जुलाई की शाम विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कार पार्क करने को लेकर उनकी एक युवक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने साथी को बुला लिया और दोनों ने मिलकर बुजुर्ग गार्ड को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पीड़ित की बेटी ज्योति डे ने आरोप लगाया कि उसके पिता के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट की गई। उनका कहना है कि घटना के बाद आरोपियों की ओर से समझौते का दबाव बनाया गया, लेकिन परिवार किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई चाहता है।

वहीं, आरोपी पक्ष के अधिवक्ता आयुष राज तिवारी ने दावा किया कि पार्किंग व्यवस्था को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और उनके मुवक्किल व उनकी पत्नी के साथ भी अभद्रता की गई। उनका कहना है कि दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे और आपसी बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया है।

इधर, सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिल चुकी है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के बाद शहर में घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।






































