वाराणसी। वाराणसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर कपल को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पिछले कई वर्षों से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और बीते चार वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं।

यात्रियों से दोस्ती कर बनाते थे शिकार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम दयाल मिश्रा और ज्योति यादव के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों रेलवे स्टेशन पर अकेले या असहाय यात्रियों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतते थे। इसके बाद चाय, बिस्किट या अन्य खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते और नकदी, मोबाइल, जेवर सहित कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।

सीसीटीवी और सर्विलांस से मिले सुराग
पुलिस के मुताबिक, 13 जून को झारखंड निवासी एक महिला यात्री के साथ हुई जहरखुरानी और लूट की घटना के बाद दोनों की तलाश शुरू की गई थी। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। लगातार निगरानी के बाद संयुक्त टीम ने दोनों को रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी कई मामलों में जा चुके हैं जेल
पूछताछ में पता चला कि दोनों के खिलाफ जहरखुरानी, चोरी और लूटपाट के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों कई बार जेल भी जा चुके हैं, लेकिन रिहा होने के बाद फिर इसी तरह के अपराधों में सक्रिय हो जाते थे।

RPF ने यात्रियों से की अपील
आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस या आरपीएफ को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।






































