KOTA NEWS. दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए बिलासपुर के एक युवक की सोमवार को औरापानी जलाशय में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। नहाने के दौरान युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और साथियों की आंखों के सामने लापता हो गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों और दोस्तों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, नया सरकंडा (गली नंबर-4) निवासी ऋषभ देव (32), पिता ओमप्रकाश देव, सोमवार सुबह करीब 6 बजे अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल, राकेश साहू, दीपक जायसवाल, कुशल टेक्नो और बिट्टू अली के साथ औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

सुबह करीब 6:30 बजे सभी दोस्त जलाशय में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान ऋषभ अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई और बहाव के कारण वे कुछ ही क्षणों में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। दोपहर करीब 1 बजे ऋषभ का शव जलाशय से बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बरसात में जलाशयों से रहें सतर्क
बरसात के मौसम में जलाशयों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित या गहरे जलाशयों में नहाने और जोखिम उठाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।






































