SURAJPUR NEWS. सूरजपुर जिले में जनपद निधि से कराए गए विकास कार्यों को लेकर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। पूर्व जनपद सदस्य नरेंद्र यादव के खिलाफ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत देकर बोरवेल और हैंडपंप निर्माण कार्यों में फर्जी बिल लगाकर सरकारी राशि के गबन का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम गणेशपुर निवासी राजकुमार दुबे ने शिकायत में बताया है कि वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत कमलपुर में जनपद निधि से बोरिंग का कार्य उसकी मशीन से कराया गया था, जिसका 64 हजार रुपये भुगतान होना था। आरोप है कि कई बार मांग करने के बावजूद राशि का भुगतान नहीं किया गया।

शिकायतकर्ता का दावा है कि सूचना के अधिकार (RTI) से प्राप्त दस्तावेजों में जिन लोगों के नाम से भुगतान दर्शाया गया है, उनमें से कुछ के पास बोरिंग मशीन ही नहीं है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वास्तविक कार्य कम कराकर अधिक कार्य दर्शाते हुए फर्जी बिलों के जरिए राशि आहरित की गई।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2024-25 में उसकी मशीन से केवल चार बोरिंग का कार्य हुआ, जबकि बिल में सात नलकूप और हैंडपंप से जुड़े कार्य दर्शाकर भुगतान निकाले जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि इसी प्रकार की अनियमितता अन्य ग्राम पंचायतों में भी हो सकती है, इसलिए सभी कार्यों की जांच कराई जाए।

शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी भेजी गई है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






































