RAIPUR NEWS. दिल्ली के जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाए जाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में रविवार को रायपुर में छात्र-युवाओं ने प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में युवा बारिश के बावजूद तख्तियां और पोस्टर लेकर एकत्र हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और निष्पक्ष बनाने की मांग की। साथ ही पेपर लीक प्रकरणों में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।


छात्र-युवाओं का कहना था कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक भी शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल न उठे।

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रदर्शन में शामिल छात्र-युवा संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे।






































