BILASPUR NEWS. रोज की तरह सभी को सुबह चाय पिलाने के लिए महिला कीचन में जाने के लिए सीढ़ी से उतरने लगी वैसे ही करंट के चपेट में आ गई। इससे महिला की मौत हो गई। उसे क्या पता था कि आज की सुबह उसकी आखिरी सुबह है। सीढ़ी में उतरे करंट ने अपनी चपेट में ले लिया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी कला में सोमवार तड़के एक हृदय विदारक हादसे में 40 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हरदी कला निवासी आशा देवी रजक (40 वर्ष), पति संजय रजक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सोकर उठीं और किचन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान किचन के पास बने टीनशेड की लोहे की सीढ़ी में अचानक करंट प्रवाहित हो रहा था। सीढ़ी के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने महिला को गंभीर अवस्था में सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची तथा मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर की बिजली वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण लोहे की सीढ़ी में करंट उतर आया था। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विद्युत व्यवस्था में आई खराबी के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।






































