संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरिशा और एक फास्टफूड कारोबारी के बीच तीन साल पुराने रिश्ते से जुड़ा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। युवक ने युवती पर प्रेमजाल में फंसाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और 55 हजार रुपये की वसूली का आरोप लगाया है। वहीं, मामला दर्ज होने के बाद अरिशा ने वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ब्लैकमेलिंग के आरोप में मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने फास्टफूड कारोबारी की तहरीर पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरिशा और उसके दो साथियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला अब एक हाई-प्रोफाइल विवाद का रूप ले चुका है।

नैनीताल यात्रा के दौरान हुई थी मुलाकात
चौधरी सराय निवासी 22 वर्षीय शाहरुख का आरोप है कि तीन साल पहले नैनीताल यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात अरिशा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान उसकी कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए।

आरोप है कि इन्हें वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे 55 हजार रुपये वसूले गए।
2023 में समझौते का दावा
शाहरुख का यह भी कहना है कि वर्ष 2023 में दोनों पक्षों के बीच नोटरी पर समझौता हुआ था, जिसमें युवती ने लगाए गए आरोपों को वापस लेने की बात स्वीकार की थी। इसके बावजूद अब फिर से ब्लैकमेलिंग का आरोप सामने आया है।

अरिशा ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
एफआईआर दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अरिशा ने खुद को निर्दोष बताया है। उसने कहा कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

अरिशा के अनुसार, शाहरुख ने उसे पैसे भेजे थे, लेकिन वह ब्लैकमेलिंग नहीं थी। उसने यह भी कहा कि 25 हजार रुपये टूटे हुए मोबाइल के बदले दिए गए थे। साथ ही मारपीट के आरोपों को भी उसने पूरी तरह गलत बताया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के दावों, वायरल वीडियो, कथित समझौते और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के दावे
अरिशा के इंस्टाग्राम पर करीब 1 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वह एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में सक्रिय है। वहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह कुछ लोगों के साथ मिलकर युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और वसूली का काम करती है। हालांकि, इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।





































