BILASPUR NEWS. शहर के तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे परिक्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राहगीरों ने तितली चौक के पास एक नाले में महिला का अर्धनग्न शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया है।


पहचान कराने की कोशिशें तेज
तोरवा पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हालांकि, महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ कर रही है। मृतका की शिनाख्त के लिए तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि महिला की तस्वीर जिले के सभी विभिन्न थाना क्षेत्रों सहित आसपास के जिलों के थानों में भी भेज दी गई है। इसके साथ ही हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है, ताकि मृतका की पहचान जल्द से हो सके।


पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा कारण
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद चीरघर (पोस्टमार्टम) के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के असली कारणों और मामले के अन्य कानूनी पहलुओं की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। इसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































