NEW DELHI NEWS. कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “अपराधी मंत्री” करार दिया और तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और इसके लिए शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी अपने साथ पैलेट गन से घायल एक छात्र को भी मीडिया के सामने लेकर पहुंचे। उन्होंने छात्र के हाथ पर लगे घाव दिखाते हुए दावा किया कि वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लेकर खड़ा था, तभी वह पैलेट गन की चपेट में आया। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार कर रही है, जबकि छात्र की आंख गंभीर रूप से घायल हुई है और उसकी दृष्टि प्रभावित हुई है।


राहुल गांधी ने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध करने वालों के साथ बल प्रयोग किया गया और अब सच्चाई छिपाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल पद छोड़ देना चाहिए। राहुल ने यह भी कहा कि हजारों छात्र और युवा सरकार की नीतियों के विरोध में सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, जो मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।






































