BILASPUR NEWS. रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे बाईपास पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सड़क की सफाई कर रही एक महिला कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गया और वहां काम कर रही महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मृतका की पहचान महिमा कोशले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सड़क मेंटेनेंस कार्य के दौरान सफाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर पलट गया। भारी वाहन के नीचे दबने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घंटों जाम, क्रेन से हटाया गया ट्रेलर
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पलटे हुए ट्रेलर के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटवाया, जिसके बाद कई घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भड़के ग्रामीण
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क मेंटेनेंस करा रहे ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि व्यस्त नेशनल हाईवे पर काम के दौरान न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। उनका कहना है कि कर्मचारियों को बिना सुरक्षा व्यवस्था के तेज रफ्तार वाहनों के बीच काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

चालक पर मामला दर्ज, ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की मांग
रतनपुर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ठेकेदार की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो एक महिला की जान बचाई जा सकती थी।






































