LALITPUR NEWS : ललितपुर: छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना 24 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़िता के पति की शिकायत पर जीआरपी ललितपुर ने अज्ञात पैंट्रीकार वेंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम कफार निवासी दंपत्ति ट्रेन संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के जनरल कोच में बीना से ललितपुर की यात्रा कर रहे थे। सुबह करीब 11:15 से 11:30 बजे के बीच महिला शौचालय जाने के लिए उठीं। आरोप है कि इसी दौरान एक पैंट्रीकार वेंडर ने पीछे से पकड़कर उनके साथ अशोभनीय हरकत की।

विरोध करने पर आरोपी फरार
महिला ने तुरंत घटना की जानकारी अपने पति को दी। आरोप है कि पति द्वारा विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और विवाद के बीच ट्रेन के आगे वाले डिब्बों की ओर भाग निकला। पीड़ित परिवार के मुताबिक आरोपी ने नीले रंग की शर्ट पहन रखी थी और उसके दाहिने कान में बाली थी।

ललितपुर स्टेशन पर दर्ज हुई एफआईआर
ट्रेन के ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दंपत्ति ने जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 352 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोपी की तलाश में जुटी जीआरपी
जीआरपी थाना प्रभारी दिनेश सिंह परिहार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।






































