LALITPUR NEWS: ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक मंदिर के मुख्य महंत का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महंत को एक महिला के साथ मंदिर की छत पर देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव में नाराजगी फैल गई और ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर विरोध जताया।

विरोध के बाद मंदिर से फरार हुआ महंत
मामला थाना पुराकला क्षेत्र के एक पुराने मंदिर का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर में वर्षों से पूजा-पाठ करने वाले मुख्य महंत राजू पांडे का यह वीडियो सामने आया। इसके बाद ग्रामीणों ने महंत का विरोध किया, जिसके बाद वह मंदिर छोड़कर फरार हो गया।

ग्रामीणों ने कराया मंदिर का शुद्धिकरण
बताया जा रहा है कि मंदिर के आसपास रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी छत से वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो फैलने के बाद ग्रामीणों ने महंत और महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की योजना बनाई, लेकिन दोनों के लापता होने की बात सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों ने मंदिर का शुद्धिकरण कर पूजा-पाठ किया।

पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच
मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर जांच की जाएगी। वहीं थाना पुराकला पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मंदिर में नए महंत को जिम्मेदारी दी गई है।







































