BALAUDABAZAR NEWS. बलौदाबाजार जिला चिकित्सालय में रात्रि ड्यूटी के दौरान एक स्वास्थ्य कर्मचारी के कथित रूप से शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजन ने कर्मचारी की हालत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे कर्मचारी की पहचान और घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि घटना बीती रात की है और वायरल वीडियो की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है तथा उसके निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने कहा कि यह मामला जिला चिकित्सालय से जुड़ा है और इसकी कार्रवाई सिविल सर्जन द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में यह सामने आता है कि संबंधित कर्मचारी आदतन शराब के नशे में ड्यूटी पर आता है, तो उसके खिलाफ बर्खास्तगी जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।






































