NEW DELHI NEWS. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार पर आंदोलन स्थगित कराने के बाद समझौते से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए एक बार फिर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तार छात्रों पर दर्ज मामलों को तत्काल वापस नहीं लिया गया तो पार्टी दोबारा सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि पार्टी ने केंद्र सरकार के इस आश्वासन के बाद अपना देशव्यापी आंदोलन स्थगित किया था कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। उनका कहना है कि अब सरकार अपने आश्वासन से पीछे हट रही है। इसे उन्होंने देश के लाखों युवाओं के भरोसे के साथ धोखा बताया।
पार्टी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास ने दावा किया कि बिहार, असम और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में छात्रों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है तथा उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पार्टी ने सरकार से कार्रवाई रोकने और गिरफ्तार छात्रों को राहत देने की मांग की है।

छात्रों की कानूनी लड़ाई में सिब्बल देंगे साथ
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल की मौजूदगी भी चर्चा में रही। सिब्बल ने कहा कि उनकी भूमिका पार्टी के कानूनी मामलों में मदद करने की है। ऐसे में गिरफ्तार छात्रों और प्रदर्शनकारियों से जुड़े मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी है।

शिकायत के लिए पोर्टल, वीडियो भी कर सकेंगे अपलोड
CJP ने आंदोलन से जुड़े छात्रों और प्रदर्शनकारियों की मदद के लिए एक विशेष पोर्टल लॉन्च करने की घोषणा की है। इसके जरिए पीड़ित छात्र अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ केस से संबंधित दस्तावेज और वीडियो फुटेज भी अपलोड कर सकेंगे। पार्टी का कहना है कि इन जानकारियों के आधार पर मामलों को कानूनी स्तर पर उठाया जाएगा।

सरकार को दिया साफ संदेश
CJP नेताओं ने कहा कि आंदोलन को दोबारा शुरू करना उनकी पहली पसंद नहीं है, लेकिन यदि प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई जारी रही और समझौते के तहत दिए गए आश्वासन का पालन नहीं हुआ तो पार्टी देशभर में फिर आंदोलन शुरू करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी ने केंद्र सरकार को साफ संकेत दिया है कि छात्रों से जुड़े मुद्दे पर वह पीछे हटने के मूड में नहीं है।






































