RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और उप पुलिस अधीक्षक (DSP) स्तर के 92 अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस तबादला सूची में ओ.पी. शर्मा को सेनानी, 4वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (माना, रायपुर) से पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री सुरक्षा, छत्तीसगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है।

सरकार का कहना है कि पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह स्थानांतरण किए गए हैं। तबादला सूची में विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र प्रसाद भैया को पुलिस अधीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (PTS) मैनपाट नियुक्त किया गया है।

ओपी शर्मा को मुख्यमंत्री सुरक्षा में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नीरज चंद्राकर को प्रथम वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF), भिलाई-दुर्ग का सेनानी (कमांडेंट) बनाया गया है। इसके अलावा गायत्री सिंह को पुलिस मुख्यालय, रायपुर में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एनएचआरसी) के पद पर पदस्थ किया गया है।

गृह विभाग के आदेश के मुताबिक यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी ASP और DSP स्तर पर बड़े प्रशासनिक फेरबदल हुए हैं। जनवरी 2026 में 6, सितंबर 2025 में 58 और जनवरी 2025 में 50 अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इस बार 92 अधिकारियों का एक साथ स्थानांतरण हाल के वर्षों के सबसे बड़े फेरबदल में शामिल माना जा रहा है।






































