BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के सेमरताल भदोरिया खार बरपाली गांव में जमीन और पानी निकासी को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई मारपीट में महिला और पुरुषों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के हरवंश राजू लोनिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि पड़ोसी हरीशानंद, परमानंद, संतोषानंद और उनके बेटों ने सड़क पर मिट्टी डालकर पानी निकासी का रास्ता बंद कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

वहीं, दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया ने भी कोनी थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वह अपने आंगन में थे, तभी पड़ोसी राजेश, राजू, भानू और बैसाखूराम लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में उनके परिवार के कई लोगों को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। कोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंटर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































