WASHINGTON NEWS. दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की पुष्टि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने की है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित बचा लिए गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

अमेरिकी सेना के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ या किसी बाहरी कारण से हादसा हुआ। मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है और सैन्य अधिकारी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं।

सुरक्षा अभियान में जुटा था अपाचे
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त अपाचे हेलीकॉप्टर होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में चल रहे अमेरिकी सुरक्षा अभियान का हिस्सा था। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में छोटे हथियारबंद नौकाओं और ड्रोन से होने वाले संभावित हमलों पर नजर रखना और उन्हें विफल करना है।

अमेरिकी सेना इस मिशन में अपाचे हेलीकॉप्टरों के अलावा MQ-9 रीपर ड्रोन, F/A-18 सुपर हॉर्नेट और F-35 स्टेल्थ लड़ाकू विमानों का भी उपयोग कर रही है। रणनीतिक महत्व वाले इस समुद्री क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं।

हादसे के बाद बढ़ाई गई सतर्कता
हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अमेरिकी सेना ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों पायलटों के सुरक्षित होने से सेना और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।





































