JALAUN NEWS जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बंदरों के आतंक के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 25 वर्षीय विवाहिता की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतका मानसी अपने फूफा के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। रात में भीषण गर्मी के चलते परिवार के अन्य सदस्य नीचे चले गए, जबकि मानसी छत पर ही सोती रहीं।

सुबह करीब 10 से 15 बंदरों का झुंड छत पर आ गया, जिससे वह घबरा गईं और बचने की कोशिश में संतुलन खो बैठीं और नीचे गिर गईं।

परिजन गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद ग्रामीणों में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर आक्रोश है और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।
.





































