RAIGARH NEWS: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ‘लव जिहाद’ और दोहरी शादी का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली निवासी एक मुस्लिम युवक ने दो हिंदू युवतियों को अलग-अलग समय पर शादी का झांसा देकर अपने संबंधों में रखा और दोनों से अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाई। मामले का खुलासा तब हुआ जब पहली पत्नी को युवक की दूसरी शादी की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़िता ने खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लॉकडाउन के दौरान हुई थी पहचान
जानकारी के अनुसार, दिल्ली का रहने वाला मोहम्मद सलीम फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था। लॉकडाउन के दौरान उसकी पहचान खरसिया क्षेत्र की एक हिंदू युवती से हुई। आरोप है कि सलीम ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उसे अपने साथ दिल्ली ले गया। वहां एक मंदिर में सिंदूर लगाकर शादी करने का दावा किया गया। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले लगभग पांच वर्षों से सलीम के साथ रह रही थी और उसे विश्वास था कि दोनों पति-पत्नी हैं।
दूसरी शादी का खुलासा होने पर बढ़ा विवाद
पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन पहले सलीम कामकाज का बहाना बनाकर खरसिया आया। इसी दौरान उसने चांपा के एक मंदिर में दूसरी हिंदू युवती से शादी कर ली। जब पहली पत्नी को इस शादी की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया और सीधे खरसिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पीड़िता के समर्थन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पहली पत्नी का आरोप है कि सलीम ने उसे शादी का झांसा देकर पांच साल तक अपने साथ रखा। उसका कहना है कि आरोपी ने कभी विधिवत कानूनी विवाह नहीं किया और अब चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली। पीड़िता ने इसे विश्वासघात बताते हुए न्याय की मांग की है।
दूसरी पत्नी ने पति को बताया निर्दोष
वहीं, मामले में आरोपी की कथित दूसरी पत्नी ने सलीम का बचाव किया है। उसका कहना है कि उसने हाल ही में मंदिर में सलीम से विवाह किया है और वह इस रिश्ते को वैध मानती है। युवती का आरोप है कि पहली महिला उसके पति को झूठे मामले में फंसा रही है। उसने कहा कि वह हर हाल में अपने पति के साथ रहना चाहती है और उसे कानूनी रूप से छुड़ाने का प्रयास करेगी।
आरोपी ने स्वीकार की दूसरी शादी
पूछताछ के दौरान सलीम ने दूसरी शादी करने की बात स्वीकार की है। हालांकि उसने ‘लव जिहाद’ के आरोपों को खारिज किया है। आरोपी का कहना है कि पहली पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था, जिसके कारण उसने दूसरा विवाह किया। उसके अनुसार यह मामला पारिवारिक विवाद का है, न कि किसी धार्मिक षड्यंत्र का।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
फिलहाल पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस पहली पत्नी और दूसरी पत्नी दोनों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































