झांसी। झांसी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की है।
गरौठा कस्बे के गायत्री नगर निवासी देवी शरण यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी अन्नू यादव (35) की शादी 13 मार्च 2019 को सीपरी बाजार क्षेत्र के आईटीआई निवासी एवं इत्र कारोबारी लोकेंद्र यादव से हुई थी। विवाह में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें नकद राशि, गृहस्थी का सामान और सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे।
परिजनों के अनुसार शादी के शुरुआती दो वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बेटे के जन्म के बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि अन्नू से पांच लाख रुपये और अन्य कीमती सामान लाने का दबाव बनाया जाता था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।

मृतका के पिता ने बताया कि 1 जून को पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी थी कि अन्नू के साथ घर में मारपीट हो रही है। इसके अगले दिन जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो अन्नू का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के समय घर के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि अन्नू की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

मृतका के जीजा गजराज सिंह यादव ने बताया कि 5 मई को अन्नू की छोटी बहन की शादी थी। उस दौरान ससुराल पक्ष ने अन्नू को अकेले मायके भेजा था और उसके पांच वर्षीय बेटे ध्रुव को साथ नहीं आने दिया था। उसी समय अन्नू ने परिवार को बताया था कि उससे चार सोने की अंगूठियां और 10 तोला सोने की चेन लाने की मांग की जा रही है।

परिजनों का कहना है कि अन्नू शिक्षित थी और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी। वहीं मृतका के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया।
सीपरी बाजार थाना पुलिस ने 2 जून को मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे ने बताया कि मामले में पति लोकेंद्र यादव और उसके भाई विपेंद्र सिंह उर्फ गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



































