GORAKHPUR NEWS गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार तड़के एक नाबालिग युवक ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब तीन बजे की है। सुबह 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी साउथ दिनेश कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

जांच के दौरान पुलिस को घर के एक बंद कमरे में तीन शव खून से लथपथ हालत में मिले। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय बेटे रेयांश गुप्ता के रूप में हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस वारदात को अमित गुप्ता के नाबालिग छोटे भाई ने अंजाम दिया है। घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार परिवार में पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठाया।

एसपी साउथ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नाबालिग से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।






































