KOLKATA NEWS. दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम में बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब 1.30 बजे निर्माणाधीन ढांचे का विशाल शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे दर्जनों मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से 55 लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय गोदाम में कंक्रीट ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक शेड ताश के पत्तों की तरह ढह गया और मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनाई देती रही, जिससे मौके का माहौल बेहद दर्दनाक हो गया।

सेना भी उतरी बचाव अभियान में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। संयुक्त टीमों द्वारा मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान लगातार जारी है।

13 लोगों को निकाला गया, 9 की हालत गंभीर
बचाव दल अब तक 13 लोगों को मलबे से बाहर निकालने में सफल रहा है। इनमें से 9 गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तत्काल एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।

क्रेन और गैस कटर की मदद से हटाया जा रहा मलबा
मलबे में भारी मात्रा में लोहे की रॉड और कंक्रीट के ढेर होने के कारण राहत कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बचाव दल क्रेन और गैस कटर की सहायता से लोहे की छड़ों को काटकर रास्ता बना रहा है, ताकि फंसे हुए लोगों तक जल्द पहुंचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन जारी है और अधिक लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।






































