RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के लाखों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य के सरकारी और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजी बोर्ड) से संबद्ध निजी स्कूलों में अब शैक्षणिक सत्र की शुरुआत अप्रैल से होगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तर्ज पर स्कूल शिक्षा विभाग ने नया अकादमिक कैलेंडर लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत अब स्कूलों का नया सत्र 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।

यह निर्णय स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी शामिल हुए। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था को लागू करने के लिए जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम हर हाल में 31 मार्च तक घोषित कर दिए जाएं, ताकि 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र नियमित रूप से शुरू हो सके। बैठक में ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने को भी प्राथमिकता दी गई। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को ऐसे बच्चों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। लक्ष्य रखा गया है कि 31 जुलाई तक अधिक से अधिक बच्चों को फिर से स्कूलों में दाखिला दिलाया जाए।

सत्र 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर 0.7 प्रतिशत और मिडिल स्तर पर 3.4 प्रतिशत है, जबकि हाई स्कूल स्तर पर यह आंकड़ा 15.3 प्रतिशत तक पहुंच गया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि प्राथमिक और मिडिल स्तर पर स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन माध्यमिक स्तर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का पढ़ाई छोड़ना अब भी चुनौती बना हुआ है। इसी वजह से नए सत्र के साथ-साथ विद्यार्थियों की निरंतर उपस्थिति और शिक्षा से जुड़ाव बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
विभाग का मानना है कि अप्रैल से सत्र शुरू होने पर पढ़ाई का समय बढ़ेगा, पाठ्यक्रम पूरा करने में आसानी होगी और परीक्षा परिणामों में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। नए शैक्षणिक कैलेंडर को राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।






































