JOB NEWS. छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 5000 नवीन शिक्षकीय पदों पर भर्ती के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। खास बात यह है कि इस भर्ती में विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) वर्ग के अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षक पद के लिए डीएड (D.El.Ed.) और टीईटी (TET) की अनिवार्य योग्यता से छूट मिलेगी। इससे राज्य के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के हजारों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता आसान हो जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को राज्य शासन ने मंजूरी दे दी है।

मंत्रालय (महानदी भवन) से आदेश जारी होने के बाद अब भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन बोर्ड (CGSSB) के पोर्टल के माध्यम से लिए जाएंगे। विभाग की ओर से जल्द विस्तृत भर्ती विज्ञापन और आवेदन की तारीखें जारी किए जाने की संभावना है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 10 जनवरी 2013 को जारी राजपत्र में विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षक भर्ती में शैक्षणिक योग्यता संबंधी छूट का प्रावधान किया गया था। इसी व्यवस्था के तहत इस भर्ती में भी पीवीटीजी वर्ग के उम्मीदवारों को राहत मिलेगी।

वनांचल के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
इस निर्णय से उन शिक्षित युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से डीएड और टीईटी की अनिवार्य योग्यता पूरी नहीं कर सके थे। सरकार का मानना है कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।

जल्द जारी होगी भर्ती अधिसूचना
प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर विस्तृत भर्ती विज्ञापन पर है। विभाग की ओर से पदवार विवरण, आरक्षण, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन की तिथियां जल्द जारी किए जाने की उम्मीद है।





































