BILASPUR NEWS. शहर में गहराते पेयजल संकट के खिलाफ सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला कांग्रेस की सदस्याएं इस आंदोलन में शामिल हुईं। महिलाओं ने सिर और हाथों में मटके लेकर विरोध प्रदर्शन किया और निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर मटके फोड़कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

कांग्रेस भवन से निकली रैली नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जल संकट के मुद्दे पर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर के कई वार्डों में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जबकि कुछ स्थानों पर गंदा और बदबूदार पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। नेताओं ने दावा किया कि वे प्रभावित इलाकों से गंदे पानी के नमूने भी साथ लाए हैं, जो जलापूर्ति व्यवस्था की बदहाल स्थिति को उजागर करते हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। यदि जल्द ही जल संकट का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इधर, प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अब शहरवासियों की नजरें नगर निगम प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।





































