ALIGARH NEWS: अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 30 वर्षीय महिला को अपने 17 वर्षीय रिश्तेदार नाबालिग भतीजे का शोषण करने और उसे धमकाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पीड़ित किशोर ने आरोप लगाया है कि महिला पिछले ढाई साल से उसे डरा-धमकाकर अपने पास बुलाती थी। युवक का कहना है कि जब वह खेत में काम करने जाता था, तब महिला उससे संपर्क करती थी और बाद में उसे फोन नंबर देकर मिलने के लिए दबाव बनाने लगी।

किशोर के मुताबिक, महिला उसे झूठे मामले में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देती थी। डर के कारण वह लंबे समय तक किसी को इस बारे में कुछ नहीं बता सका। युवक ने आरोप लगाया कि महिला लगातार उसे मानसिक रूप से परेशान करती रही।

परिजनों का कहना है कि महिला बाद में नाबालिग पर शादी करने का दबाव भी बनाने लगी थी। पीड़ित की मां ने बताया कि आरोपी महिला पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, इसके बावजूद वह उनके बेटे से कोर्ट मैरिज करने की बात कर रही थी।

पीड़ित के बड़े भाई के अनुसार, हाल ही में महिला ने फिर से शादी का दबाव बनाया और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इससे परेशान होकर किशोर ने घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी।

मामले की सूचना मिलने के बाद परिजन इगलास थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया है और काउंसिलिंग की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































