BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार रात एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। छोटे भाई को मारपीट से बचाने पहुंचे 22 वर्षीय युवक की बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने चापड़ से गले पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गुड़ी मोहल्ले की है।

मृतक की पहचान अभिषेक यादव (22) के रूप में हुई है, जो बीए सेकंड ईयर का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और करीब पांच युवकों ने ओमप्रकाश को घेर लिया। छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया।

एक हमलावर ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। हमले के बाद ओमप्रकाश अपनी जान बचाने के लिए भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए नजदीकी पुलिस चौकी तक पहुंच गए। किसी तरह वह चौकी में घुसकर खुद को बचाने में सफल रहा। वहीं, परिजन घायल अभिषेक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सरकंडा थाने पहुंच गए। करीब 50-60 लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के अनुसार, मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। विवाद की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



































