कर्नाटक की Visvesvaraya Technological University (VTU) ने परीक्षा परिणाम जारी करने के मामले में ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसने पूरे देश का ध्यान खींच लिया है। यूनिवर्सिटी ने इंजीनियरिंग फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा खत्म होने के महज 10 मिनट के भीतर ही छात्रों के रिजल्ट जारी कर दिए।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा शाम 5:30 बजे समाप्त हुई और 5:40 बजे तक छात्रों के मोबाइल फोन पर परिणाम पहुंच गया। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह उपलब्धि उन्नत डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली और पहले से की गई तकनीकी तैयारी के कारण संभव हो पाई है।

इस परीक्षा में करीब 56 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया था और कुल परिणाम 99.98 प्रतिशत रहा। रिजल्ट सीधे मोबाइल पर भेजे जाने से वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या सर्वर डाउन जैसी दिक्कतों से भी बचा जा सका।

Visvesvaraya Technological University के रजिस्ट्रार (मूल्यांकन) यूजे उज्ज्वल के मुताबिक, विश्वविद्यालय पिछले कुछ वर्षों से लगातार रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया को तेज कर रहा है। वर्ष 2025 में 50 हजार से अधिक छात्रों का परिणाम एक घंटे में घोषित किया गया था, जबकि 2024 में इसमें तीन घंटे और 2023 में दो दिन का समय लगा था। इस बार सिर्फ 10 मिनट में रिजल्ट जारी कर नया रिकॉर्ड कायम किया गया है।

कर्नाटक की यह उपलब्धि अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अन्य विश्वविद्यालय भी ऐसी डिजिटल व्यवस्था अपनाते हैं, तो छात्रों को लंबे इंतजार से राहत मिल सकती है और उच्च शिक्षा प्रणाली अधिक आधुनिक और पारदर्शी बन सकती है।




































