RAIPUR NEWS. देश की राजधानी नई दिल्ली में रविवार 24 मई को ऐतिहासिक लाल किला परिसर में जनजातीय समाज का विशाल सांस्कृतिक समागम आयोजित होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और पारंपरिक सांस्कृतिक दल शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि विष्णु देव साय भी रविवार शाम करीब 6 बजे इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

सीएम साय के के संभावित दौरे को लेकर जनजातीय समाज और छत्तीसगढ़ से पहुंचे प्रतिनिधियों में खास उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता से जुड़े महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में जनजातीय विरासत के संरक्षण, सामाजिक भागीदारी, शिक्षा, संस्कृति और वर्तमान चुनौतियों जैसे मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।

समागम के दौरान विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं, पारंपरिक नृत्य, वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन जनजातीय समाज की सांस्कृतिक शक्ति और सामूहिक सहभागिता का बड़ा संदेश देगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य देशभर के जनजातीय समाज को एक मंच पर लाकर उनकी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और अधिकारों को मजबूत करना बताया जा रहा है।

इस समागम के जरिए जनजातीय समुदाय की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला, भाषा, वेशभूषा और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही समाज से जुड़े मुद्दों—जैसे शिक्षा, सामाजिक भागीदारी, जल-जंगल-जमीन, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण—पर भी चर्चा होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम जनजातीय समाज की एकता, जागरूकता और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने अनुभव और परंपराएं साझा करेंगे।




































