KORBA NEWS. जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिरा में जमीन सीमांकन के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की टीम पर पक्षपात और रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई, वहीं एक युवक ने रस्सी लाकर आत्मदाह की धमकी दे दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, 8 मई को पटवारी भरत चौहान और राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह, नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर ग्राम नोनबिरा के बनियापारा में संतराम की जमीन (खसरा नंबर 643/1) का सीमांकन करने पहुंचे थे। सीमांकन की प्रक्रिया शुरू होते ही आवेदक संतराम और उसके परिजनों ने नाप-जोख पर आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने अधिकारियों की कार के पीछे मोटरसाइकिल अड़ाकर रास्ता रोक दिया। आरोप लगाया गया कि राजस्व अधिकारी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर गलत सीमांकन कर रहे हैं। इसी दौरान संतराम के बेटे लीलाधर ने रस्सी लाकर आत्महत्या करने की धमकी दी। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि अधिकारी करीब दो घंटे तक मौके से निकल नहीं सके और सरकारी कामकाज बाधित रहा।

मामले में पटवारी भरत चौहान की शिकायत पर पुलिस ने संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126(2), 221, 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

इधर, पीड़ित परिवार ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है कि उनकी जमीन पर दूसरे पक्ष द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है और पटवारी व RI ने मिलीभगत कर गलत सीमांकन किया है। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।





































